विनय मिश्रा
लखनऊ। राजधानी के मेहंदीगंज इलाके में शनिवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता श्याम चेतन तिवारी पर दबंगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में गंभीर रूप से घायल श्याम चेतन तिवारी को आनन-फानन में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।बताया जा रहा है कि आरोपी वैभव वाजपेयी ने श्याम चेतन तिवारी पर दो गोलियां चलाईं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल नेता को अस्पताल पहुंचाया गया।घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी गोली मारने के बाद मौके से भागता दिखाई दे रहा है। फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि पहले आरोपी ने श्याम चेतन को गोली मारी और जब वह जमीन पर गिर पड़े तो पास जाकर दूसरी गोली चला दी। इस दौरान घायल दर्द से तड़पता नजर आया।घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित, तालकटोरा और बाजारखाला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी वैभव वाजपेयी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा सामने आया है। फिलहाल पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



