नगराम, लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र में पत्नी की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या करने वाले युवक के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। मृतक के पिता ने अपने दोनों मासूम पौत्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका जताते हुए नगराम पुलिस से उन्हें सकुशल बरामद कर परिवार को सौंपने की मांग की है। मामले को लेकर परिवार में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।जानकारी के अनुसार नगराम क्षेत्र के अमेठियन पुरवा निवासी अशोक सिंह के पुत्र प्रशांत सिंह ने बीती दो मई की रात कथित रूप से पत्नी की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद मृतक के पिता अशोक सिंह की तहरीर पर नगराम पुलिस ने प्रशांत की पत्नी ममता सिंह, सास-ससुर तथा उसकी दोनों बहनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।परिजनों का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी पत्नी घर छोड़कर चली गई और जाते समय अपने दोनों बच्चों हार्दिक व यश को भी साथ ले गई। मृतक के पिता अशोक सिंह का कहना है कि उनके दोनों पौत्र इस समय आरोपियों के कब्जे में हैं और परिवार को उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है।अशोक सिंह ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी ममता सिंह को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनका कहना है कि फरार आरोपी मुकदमे में समझौते का दबाव बना रहे हैं तथा बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दे रहे हैं। परिवार को यह जानकारी रिश्तेदारों और परिचितों के माध्यम से मिली है, जिससे पूरा परिवार दहशत में है।मृतक के पिता ने नगराम पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर दोनों बच्चों को जल्द से जल्द सकुशल बरामद कर परिवार के सुपुर्द किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर हर पल भय बना हुआ है और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई अनहोनी हो सकती है।इस संबंध में नगराम थानाध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी ने बताया कि अशोक सिंह द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम बच्चों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उन्हें सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
अनुराग तिवारी की रिपोर्ट



