विनय मिश्रा
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के भरसवां गांव में बुधवार देर शाम कथित धर्मांतरण के आरोपों को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तमिलनाडु से आए कुछ लोग गांव में लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहे थे। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। बढ़ते हंगामे की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए तमिलनाडु से आए पांच लोगों समेत कुल सात लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।ग्रामीणों के अनुसार, गांव के एक मकान में लंबे समय से बाहरी लोगों का आना-जाना लगा हुआ था। बुधवार को भी कुछ लोगों के वहां एकत्र होने की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उनका आरोप है कि बाहर से आए लोग गांव के गरीब और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहायता, बेहतर जीवन और अन्य तरह के प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे थे। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पूर्व में भी गांव के कुछ लोगों का कथित रूप से धर्म परिवर्तन कराया जा चुका है, जिससे लोगों में नाराजगी थी।बुधवार की रात जैसे ही इस गतिविधि की जानकारी फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। देखते ही देखते वहां हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना पर मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराते हुए संबंधित लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने मौके से मिले दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की भी जांच शुरू कर दी है।पुलिस हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि वे गांव में किस उद्देश्य से आए थे, कितने समय से यहां रह रहे थे और उनके द्वारा आयोजित बैठक का वास्तविक उद्देश्य क्या था। पुलिस ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी बारीकी से जांच कर रही है।इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। तमिलनाडु से आए पांच लोगों समेत सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार का अपराध प्रमाणित होता है तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।



