विनय मिश्रा
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चारबाग इलाके में बुधवार को एक होटल के कमरे में युवती का शव फंदे से लटकता मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान लखीमपुर खीरी के महेवागंज निवासी पंकज जी की बेटी गुंजन मिश्रा के रूप में हुई है। पुलिस ने युवती की पहचान उसके पास मिले आईडी कार्ड के आधार पर की।
बताया जा रहा है कि युवती तीन दिन पहले लखीमपुर से लापता हुई थी, जिसके संबंध में खीरी सदर थाने में अपहरण का मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। इधर, नाका हिंडोला थाना क्षेत्र स्थित होटल मिलन के कमरा नंबर 23 में युवती रुकी हुई थी।
होटल कर्मचारियों के मुताबिक बुधवार को काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। शक होने पर होटल स्टाफ ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो युवती का शव कमरे में पंखे से लटकता मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही होटल में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और परिजनों को सूचना दे दी। नाका हिंडोला पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।



